कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री डॉ गिरिजा व्यास का निधन, कांग्रेस परिवार में शोक की लहर

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ गिरिजा व्यास का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन के बाद उत्तराखंड…

1200 675 24082472 thumbnail 16x9 hg

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ गिरिजा व्यास का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने डॉ गिरिजा व्यास के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दुख प्रकट करते हुए इसे कांग्रेस परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया। उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त कीं। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन भारतीय राजनीति में एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका अभूतपूर्व योगदान रहा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर गिरिजा व्यास का निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे भगवान से यही प्रार्थना है।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर गिरिजा व्यास लंबे समय से बीमार चल रही थीं। 31 मार्च को गणगौर पूजा के दौरान वह आग की चपेट में आ गई थीं। इस हादसे में उनका शरीर लगभग 90 प्रतिशत जल गया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी और उन्हें ब्रेन हेमरेज भी हो गया था। उनका इलाज अहमदाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था, जहां पर उन्होंने आखिरी सांस ली। वह 79 साल की थीं।