अल्मोड़ा : जिला मुख्यालय से 35किलोमीटर दूर नगरखान नामक स्थान में पर्वतीय कृषि रक्षा समिति की बैठक में खेत बचाओ अभियान का स्वागत करते हुए योजना के अंतर्गत समिति द्वारा पूर्व में भेजे गये प्रस्तावों के अनुसार खेती योग्य भूमि में तारबाड़ हेतु धन आवंटित किए जाने की मांग की।
बैठक में समिति सदस्यों ने खेत बचाओ अभियान में, गांवों और खेतों के बीच उग आई कुरी एवं अन्य झाड़ियों को हटाने के लिए भी धन आवंटन की मांग की। समिति की बैठक में पर्वतीय क्षेत्र में बाहरी लोगों द्वारा कृषि भूमि की अंधाधुंध खरीद तथा लीज पर लिये जाने पर भी चिंता प्रकट करते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गयी।
बैठक में राजकीय इंटर कालेज नगरखान के भवन निर्माण की मांग करते हुए कहा गया कि यह एक मात्र ऐसा विद्यालय है जो स्थापना के चालीस वर्ष बाद भी भवनहीन है।
मनिआगर नगरखान सड़क की खस्ताहालत पर बैठक में चर्चा की गई तथा मांग की गयी कि सड़क का शीघ्र जीर्णोद्धार किया जाय।
बैठक में क्षेत्र में पेयजल की समस्या के तात्कालिक समाधान हेतु हेंडपंप लगाने,वर्षा जल संग्रहण के उपाय किए जाने की भी मांग की गयी।बैठक में जंगलों की सुरक्षा हेतु लीसा गड़ान पद्धति में परिवर्तन करने के साथ साथ बनों को आग से बचाने के लिए जंगलों में फायर लाईन काटने तथा निरंतर निगरानी की व्यवस्था करने की भी मांग की गयी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व में समिति द्वारा भेजे गये ज्ञापनों पर कार्यवाही तथा आज पारित प्रस्तावों का ज्ञापन अगले सप्ताह में एक शिष्टमंडल के माध्यम से जिलाधिकारी अल्मोड़ा को सौंपा जायेगा।
बैठक में ब्रह्मानन्द डालाकोटी, केडी मिश्रा, देवनाथ गोस्वामी, शिवदत्त पांडे,थान सिंह,खीम सिंह बगड्वाल, दौलत सिंह बगड्वाल, सुरेश जोशी, हेम मिश्रा , नवीन डालाकोटी आदि सम्मिलित हुए।
