shishu-mandir

सड़क हादसे में एबीवीपी डीडीहाट जिला सह संयोजक की मौत

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

केएमवीएन के पूर्व अध्यक्ष रुद्र सिंह पंडा का पुत्र है प्रवीण :  मुनस्यारी क्षेत्र में हुआ हादसा

पिथौरागढ़। जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में एक सड़क हादसे मे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता की मृत्यु की सूचना है। मृतक प्रवीण सिंह पंडा कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष रुद्र सिंह पंडा का पुत्र है। हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं व मुनस्यारी क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार मुनस्यारी निवासी 21 वर्षीय प्रवीण सिंह पंडा बीती शुक्रवार रात एक अन्य युवक दीपक देवली के साथ कार से मदकोट-बोना मार्ग से लौट रहे थे। इसी दौरान करीब 9.30 बजे उबड़-खाबड़ मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सुनसान जगह पर किसी को हादसा होने का पता नहीं चला। इस बीच हादसे में घायल दीपक देवली खाई से बमुश्किल सड़क तक पहुंचा।।

इस दौरान वहां से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसने हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद अन्य लोगों और पुलिस को घटना का पता चला। मौके पर जाकर खोजबीन की गई तो प्रवीण सिंह पंडा मृत मिला। प्रवीण मुनस्यारी डिग्री काॅलेज का छात्र था। प्रवीण के पिता केएमवीएन के पूर्व अध्यक्ष रहे चुके हैं और वह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। इस घटना से इलाके में और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि खस्ताहाल मदकोट-बोना मार्ग के डामरीकरण आदि के लिए कई बार शासन-प्रशासन से मांग की जा चुकी है, लेकिन मार्ग की दशा नहीं सुधरी। ऐसे में इस मार्ग पर आवाजाही खतरनाक बनी हुई हैै। लोगों ने इस दुर्घटना के संदर्भ में मार्ग की उपेक्षा को लेकर रोष जताया है।