राहुल गांधी कल अल्मोड़ा और पौड़ी में रैलियों के जरिए फूंकेंगे चुनावी शंखनाद,तैयारियों पर ये बोली प्रभारी शैलजा

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 जून से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।…

rahul-gandhi-two-day-uttarakhand-visit-schedule-almora-pauri-kotdwar-rally

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 जून से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

25


यहां एक होटल में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बोलते हुए कांग्रेस की उत्तराखण्ड प्रभारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी अपने दौरे की शुरुआत अल्मोड़ा में एक जनसभा से करेंगे, जिसके बाद कल वह पौड़ी और कोटद्वार के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। परसों यानि 5 जून को वो दून में एक रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता शैलजा ने दावा करते हुए कहा कि इस बार जनता भाजपा के 10 साल के शासन को खत्म करने का मन बना चुकी है।


रैलियों और जनसंपर्क को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रभारी शैलजा ने राहुल गांधी के पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल रैली करने के बाद राहुल गांधी पौड़ी के लिए रवाना होंगे। पौड़ी में वह पूर्व सैनिकों के साथ एक विशेष चर्चा सत्र में भाग लेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके बाद वह कोटद्वार जाएंगे, इसके अगले दिन वो दून एक और बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।


शैलजा ने कहा कि”कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तो उत्साह है ही, साथ ही जब हम बाजार में जनसंपर्क कर रहे थे, तो आम लोग भी हमसे बहुत गर्मजोशी और जोशो-खरोश के साथ मिल रहे थे। लोगों का साफ कहना है कि वे इस बार बदलाव चाहते हैं।”


सरकार की नीतियों, पलायन और अंकिता हत्याकांड पर घेरा
प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रभारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में सरकार की गलत नीतियों के कारण लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ हुआ है। पहाड़ों से पलायन लगातार बढ़ रहा है और जगह-जगह मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई फिक्र नहीं है। पर्यटन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार गंभीर नहीं है; पर्यटकों की संख्या जरूर बढ़ी है, लेकिन बुनियादी व्यवस्थाएं न होने से हर जगह लंबे जाम लग रहे हैं। हरियाणा के कुछ लोगों द्वारा बॉयकाट उत्तराखण्ड की मुहिम चलाए जाने पर उन्होंने कि बाहर से आने वाले पर्यटकों से भी आस्था और देवभूमि की आस्था और गरिमा का ध्यान रखने की अपील की।


विपक्ष और मीडिया की भूमिका पर बात करते हुए शैलजा ने कहा कि जब सत्ता पक्ष गलत काम करता है, तो जनता के सामने सही बात लाना दोनों का दायित्व है। उन्होंने अंकिता हत्याकांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार और भाजपा के लोग ही शामिल रहे हैं और कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर हथकंडे का जवाब देकर कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।


हरीश रावत ने भवाली बाईपास और केंद्रीय मंत्री पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्थानीय सांसद और केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री अजय टम्टा पर सीधा निशाना साधा। हरीश रावत ने कहा कि अजय टम्टा केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री होने के बावजूद अपने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस भवाली बाईपास के काम को हम अपनी सरकार के समय शुरू करके गए थे, उसे यह सरकार पिछले 9 साल में भी पूरा नहीं कर सकी है। इसी वजह से आज पूरी कुमाऊं घाटी जाम की समस्या से जूझ रही है।


अल्मोड़ा में उमड़ा कांग्रेस दिग्गजों का हुजूम
अल्मोड़ा में हुई इस बड़ी प्रेस वार्ता के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के तमाम बड़े नेता एक मंच पर नजर आए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक मनोज तिवारी,पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा,पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल,राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी आदि नेता मौजूद रहे।


इस मौके पर अलावा विधायक हरीश धामी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल,पूर्व विधायक गोपाल राणा, करन माहरा, नारायण पाल, ललित फर्स्वाण महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और शोभा जोशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply