Pithoragarh- कांग्रेस ने शुरू की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

पिथौरागढ़। कांग्रेस ने मंगलवार को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इसमें मूनाकोट विकासखंड में यात्रा की शुरुआत विधायक मयूख महर ने झौलखेत मैदान से की।

इस अवसर पर विधायक महर ने कहा कि कांग्रेस ने आज ही के दिन 9 अगस्त 1942 को अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का नारा दिया था, लेकिन भाजपा की वर्तमान केंद्र सरकार धर्म, संप्रदाय और जातिवाद के नाम पर देश को खंडित करने का काम कर रही है। इसीलिए कांति दिवस के मौके पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा आयोजित कर रही है, जो देश के कोने कोने तक जाएगी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में अराजकता का माहौल पैदा किया है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस सरकार की नाकामियों को बताएंगे। तिरंगा यात्रा के संयोजक महेंद्र सिंह लुंगी ने कहा कि पिथौरागढ़ विधानसभा में इस यात्रा के लिए 6 सेक्टर बनाए गए हैं। सौन पट्टी के झौलखेत मैदान में आज तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विधायक महर ने किया।

वहीं गोरंगघाटी में मोस्टमानू से दीपक लुंठी, भुवन पांडे और हयात चंद, जाख पट्टी में पगना से शमशेर महर, होशियार लुंठी व ऋषभ कल्पासी ने, नैनीसैनी में निर्मला लोहिया, शंकर खड़ायत, दीपक बेलाल व हरीश कुमार ने, गुरना से संतोष गोस्वामी, मनोज मेहता व नलिन तिवारी ने और नगर क्षेत्र के हड़ेती से पार्टी नेता मुकेश पंत, मनोज ओझा और मुस्तकीम कुरैशी ने यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के दौरान तमाम पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।