अल्मोड़ा। प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एडवांस्ड 2026’ (JEE Advanced 2026) में होली एंजल पब्लिक स्कूल (Holy Angel Public School), अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे अल्मोड़ा जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के दो मेधावी छात्रों ने परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
होली एंजिल पब्लिक स्कूल के छात्र नीलेश बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 9720 प्राप्त की है। वहीं, दूसरे छात्र हृदयान्श आर्या पुत्र चन्द्र प्रकाश ने ऑल इंडिया रैंक 4425 (Category Rank) हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
विद्यार्थियों की सफलता पर स्कूल में हर्ष
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज चौधरी ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि दोनो की सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन नारायण सिंह बिष्ट, प्रबंधक बलवंत सिंह बिष्ट, निदेशक दीवान सिंह बिष्ट और किशन सिंह बिष्ट ने भी दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
