नीरज चोपड़ा ने दक्षिण अफ्रीका में जीती सीज़न की पहली प्रतियोगिता, 84.52 मीटर रहा सर्वश्रेष्ठ थ्रो

दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने जीत दर्ज करते हुए सीज़न की शानदार…

दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने जीत दर्ज करते हुए सीज़न की शानदार शुरुआत की। वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर के तहत हुए इस मुकाबले में उन्होंने 84.52 मीटर का थ्रो फेंकते हुए पहला स्थान हासिल किया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

प्रतियोगिता में कुल छह एथलीट शामिल थे, जिसमें चोपड़ा के अलावा केवल दक्षिण अफ्रीका के रे डौव स्मिट ही 80 मीटर की दूरी पार कर सके। स्मिट का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 82.44 मीटर रहा और वह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के ही डंकन रॉबर्टसन रहे जिन्होंने 71.22 मीटर का थ्रो किया।

नीरज चोपड़ा ने भले ही जीत दर्ज की हो, लेकिन वह अब भी अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर से पीछे रहे, जो उन्होंने वर्ष 2022 में हासिल किया था। लंबे समय से वह 90 मीटर के आंकड़े को पार करने की कोशिश में जुटे हैं।

इस समय चोपड़ा चेक गणराज्य के कोच जान जेलेजनी की निगरानी में अभ्यास कर रहे हैं। जेलेजनी तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और मौजूदा विश्व रिकॉर्ड धारक हैं। पिछले साल नीरज ने अपने पूर्व कोच जर्मनी के क्लॉस बार्टोनिट्ज से अलग होने का फैसला लिया था।

अब नीरज चोपड़ा 16 मई को दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय सीज़न की शुरुआत करेंगे। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक अपने नाम किए हैं।