आंध्र प्रदेश के विजाग शहर से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। यहां 35 वर्षीय नौसेना कर्मी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को टुकड़ों में काटकर फ्रिज में छिपा दिया। वह इन हिस्सों को धीरे-धीरे नष्ट कर रहा था। बताया जाता है कि शरीर का करीब आधा हिस्सा वह जला चुका था, लेकिन मानसिक रूप से टूटने के बाद वह खुद ही पुलिस स्टेशन पहुंच गया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यह सनसनीखेज घटना गजुवाका थाना क्षेत्र के एलवी नगर में हुई। मृतका की पहचान 29 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी सीएच रविंद्र भारतीय नौसेना में तकनीशियन है। मूल रूप से वह विजयनगरम जिले के राजम का रहने वाला है, जबकि उसके परिवार की जड़ें श्रीकाकुलम जिले के पालकोंडा से जुड़ी हैं।
तीन साल से मोनिका और रविंद्र के बीच संबंध थे। रविंद्र शादीशुदा था, लेकिन मोनिका के साथ गुप्त रिश्ते में रह रहा था। उसने मोनिका से वादा किया था कि वह पत्नी को तलाक देकर उससे विवाह करेगा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। मोनिका शादी के लिए दबाव बना रही थी और चेतावनी दे चुकी थी कि अगर रविंद्र ने फैसला नहीं किया तो वह उनके रिश्ते की जानकारी उसकी पत्नी और परिवार को दे देगी। इस बीच रविंद्र की पत्नी गर्भवती होने के कारण कुछ दिनों पहले डिलीवरी के लिए अपने मायके विजयनगरम चली गई थी, जिससे रविंद्र अकेला रह गया था।
रविवार 29 मार्च की दोपहर रविंद्र ने मोनिका को अपने घर बुलाया। शुरुआती घंटों तक सब सामान्य रहा, लेकिन देर शाम दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर रविंद्र ने चाकू से मोनिका की हत्या कर दी और उसके शव के टुकड़े कर दिए। कुछ हिस्सों को उसने एक बैग में बंद कर धरपालेम क्षेत्र में ले जाकर जला दिया, जबकि बाकी हिस्से उसने घर के फ्रिज में छिपा दिए।
रविंद्र देर रात थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने उसके घर से शव के कई हिस्से बरामद कर लिए हैं, लेकिन मोनिका का सिर अभी भी नहीं मिला है। उसे खोजने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो अलग-अलग जगहों पर तलाश कर रही है।


