‘मम्मी-पापा मुझे माफ करना’— वीडियो में पत्नी की प्रताड़ना बताते हुए युवक ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहित यादव नाम के युवक ने कथित तौर पर पत्नी…

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहित यादव नाम के युवक ने कथित तौर पर पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पहले मोहित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने साफ तौर पर बताया कि वह मानसिक रूप से कितनी तकलीफ में था और क्यों उसने यह कदम उठाने का निर्णय लिया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

वीडियो में मोहित ने कहा कि जब तक यह संदेश लोगों तक पहुंचेगा, तब तक वह इस दुनिया को अलविदा कह चुका होगा। उसने यह भी कहा कि यदि पुरुषों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कानून होता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। मोहित के अनुसार उसकी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग उसे कई वर्षों से मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे, जिससे वह टूट चुका था। उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब और सहन नहीं कर सकता।

बताया गया है कि मोहित नोएडा की एक सीमेंट कंपनी में फील्ड इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। काम के सिलसिले में वह अकेला रहता था और वहीं उसकी मुलाकात प्रिया नाम की युवती से हुई। दोनों ने करीब सात साल तक संबंध में रहने के बाद परिवार की रज़ामंदी से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही प्रिया की सरकारी शिक्षक के पद पर नियुक्ति बिहार के समस्तीपुर जिले में हो गई, जिसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आना शुरू हुआ। वह बार-बार मोहित से मायके के दबाव में अलग रहने की बात करने लगी, जिससे दोनों के बीच तनाव गहराने लगा।

मोहित के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रिया और उसके परिवार वाले मोहित पर मानसिक दबाव डालते थे और उस पर पारिवारिक संपत्ति अपने नाम करने का दवाब बनाते थे। मोहित ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि यदि उसने जमीन उनके नाम नहीं की, तो उसके ऊपर झूठे दहेज के केस में फंसाने की धमकी दी गई थी। इतना ही नहीं, उसने यह भी दावा किया कि पत्नी और उसकी मां ने जबरन उसका बच्चा गिरवाया।

मोहित ने वीडियो के अंत में यह तक कह डाला कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो उसकी अस्थियां किसी नाले में बहा दी जाएं। उसने अपने माता-पिता से एक बार फिर क्षमा मांगी और कहा कि वह उनके सपनों को पूरा नहीं कर सका। इसके बाद उसने इटावा के एक होटल में आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना होटल कर्मचारियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर संकलित किया गया है।