अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार) एवं राज्य स्वच्छ गंगा मिशन (नमामि गंगे, उत्तराखण्ड) के संयुक्त तत्वावधान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग द्वारा सिमकनी खेल मैदान में “आओ हम सब योग करें” अभियान का भव्य उद्घाटन किया गया। यह अभियान 21 मई से 21 जून तक नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत योग विज्ञान विभाग के विद्यार्थी उत्तराखण्ड के समस्त जनपदों के साथ-साथ भारत के विभिन्न राज्यों में निःशुल्क योग प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग” के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी एवं योग साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जबकि संचालन डॉ. गिरीश अधिकारी द्वारा किया गया।
ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन है योग: प्रो. प्रवीण बिष्ट कार्यक्रम की मुख्य अतिथि परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण बिष्ट ने अपने उद्बोधन में योग को वेदों एवं उपनिषदों की अमूल्य देन बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, संतुलित एवं आध्यात्मिक बनाने की महान पद्धति है। विशिष्ट अतिथि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शेखर जोशी ने कहा कि पुराणों एवं प्राचीन ग्रंथों के अनुसार योग मनुष्य को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। वर्तमान समय में यह विश्व शांति और मानव कल्याण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।
विभाग 2015 से लगातार चला रहा महा-अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन चंद भट्ट ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा योग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 21 जून तक विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिक्षक डॉ. लल्लन कुमार सिंह ने नमामि गंगे अभियान की महत्ता बताते हुए योग को तन, मन और आत्मा को निर्मल बनाने का जरिया बताया।
कार्यक्रम में हेमलता अवस्थी और शोधार्थी दीपक परिहार ने भी गंगा संरक्षण व स्वस्थ जीवनशैली पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर योग विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास एवं योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। साथ ही विद्यार्थियों को पिछले वर्ष के निःशुल्क योग शिविरों के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस मौके पर हर्षिता, नेहा, गीतांजलि, किरण, आदित्य, सौरव, अनुराधा, नीतू, उमर, प्रेम, दिव्या, ललित, योगेश, मोहित, सुरेश सहित विभाग के दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा वर्ष 2015 से लगातार यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के लाखों लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

