देहरादून। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर उत्तराखंड के 12 जिलों में प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
सोमवार 20 जुलाई को जनपद देहरादून, अल्मोड़ा, हरिद्वार,चम्पावत, रूद्रप्रयाग,पिथौरागढ़, नैनीताल,ऊधम सिंह नगर,पौड़ी गढ़वाल,चमोली,उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलो में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी व निजी स्कूलों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा इसके आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड के इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में तेज जल प्रवाह और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए आपदा न्यूनीकरण के उद्देश्य से यह एहतियाती फैसला लिया गया है।
नैनीताल जिले के आदेश के अनुसार, स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्यों और कार्यालय स्टाफ के लिए यह अवकाश अनुमन्य नहीं रहेगा, जबकि चम्पावत जिले में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने की बात कही गई है। सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

