भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर फिलहाल इंग्लैंड छोड़कर भारत लौट आए हैं। वजह ये है कि उनकी मां की तबीयत अचानक बहुत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें फौरन आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।
गंभीर सात जून को टीम के साथ लंदन पहुंचे थे। टीम अभी बेकेनहैम में अभ्यास कर रही है। आज से टीम का आपस में ही एक अभ्यास मैच होना था। लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही गंभीर को टीम से अलग होना पड़ा और उन्हें वापस भारत लौटना पड़ा। हालांकि ये साफ किया गया है कि वो टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले दोबारा इंग्लैंड लौट आएंगे।
गंभीर की मां का नाम सीमा गंभीर है। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अभी उनकी हालत पहले से ठीक बताई जा रही है और वो खतरे से बाहर हैं। वह दिल्ली के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक गौतम गंभीर सत्रह जून को वापस इंग्लैंड रवाना हो जाएंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट बीस जून से लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा।
गंभीर का परिवार दिल्ली में रहता है। उनके पिताजी का नाम दीपक गंभीर है जो कपड़ों का कारोबार करते हैं। उनकी मां एक गृहिणी हैं। गंभीर की एक छोटी बहन भी है जिसका नाम एकता है। उन्होंने साल दो हजार ग्यारह में नताशा जैन से शादी की थी। गंभीर की दो बेटियां भी हैं जिनका नाम आजीन और अनायज़ा है।
गंभीर को अच्छी तरह पता है कि इंग्लैंड की पिचों पर खेलना आसान नहीं होता। खासकर तब जब टीम के तीन बड़े खिलाड़ी विराट रोहित और अश्विन टीम का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन उन्होंने यंग खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान यही समझाया कि यही वो मौका होता है जब कोई खिलाड़ी खुद को साबित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को मैदान में उतरकर दिल से खेलने के लिए प्रेरित किया है।
गौरतलब है कि भारत ने दो हजार सात के बाद से इंग्लैंड में कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। इस दौरान धोनी और कोहली की कप्तानी में चार सीरीज खेली गईं। जिनमें से तीन सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा और एक ड्रॉ पर खत्म हुई थी।