अल्मोड़ा। जनपद में बेजुबान जानवरों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अल्मोड़ा फायर सर्विस ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। जेल कैंपस के समीप एक गहरे पिट (गड्ढे) में गिरे गौवंश को फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और नगर निगम के कर्मचारियों ने खुले दिल से सराहना की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार 21 मई 2026 की रात लगभग 8 बजे फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि जेल कैंपस के पास बने एक गहरे पिट में एक गौवंश अनियंत्रित होकर गिर गया है और अंदर ही फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट प्रभारी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों के सहारे निकाला बाहर
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति काफी जटिल नजर आ रही थी। अंधेरे और संकरे गड्ढे के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही थीं, लेकिन फायर यूनिट ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई शुरू की। आधुनिक आपदा राहत उपकरणों की मदद से पहले पिट के ऊपरी हिस्से को खोला गया। इसके बाद रस्सियों के माध्यम से बेहद सावधानीपूर्वक गौवंश को सुरक्षित बांधा गया और टीम के जवानों ने अपनी पूरी ताकत व कड़ी मेहनत से मशक्कत करते हुए बेजुबान गौवंश को सकुशल और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गड्ढे से बाहर आते ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय पार्षदों व नगर निगम कर्मियों ने थपथपाई फायर ब्रिगेड टीम की पीठ
इस पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा थी। कार्य पूरा होने के बाद वहां उपस्थित स्थानीय पार्षद अमित शाह, मोनू पार्षद, अभिषेक जोशी, पार्षद अर्जुन बिष्ट सहित नगर निगम के कर्मचारी खष्टी बल्लभ पाण्डेय, अमर, हरीश व राहुल ने फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता और सेवा भावना की जमकर सराहना की।
गौवंश की जान बचाने वाली फायर यूनिट में एलएफएम किशन सिंह,फायर स्टेशन ड्राइवर विपिन बडोला,फायरमैनजीवन जोशी, महमूद अली,दीपक मार्शल,महिला फायरमैन रश्मि शामिल रहे। उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

