shishu-mandir

फजीहत : 6 घंटा जाम में फंसे सत्ताधारी पार्टी के विधायक

Newsdesk Uttranews
4 Min Read

new-modern
gyan-vigyan

पिथौरागढ़। घाट के पास शुक्रवार सुबह भूस्खलन होने से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-125 बंद हो गया, जिसके चलते सैकड़ों यात्री करीब 8 घंटे जाम में फंसे रहे। दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की दो-दो किलोमीटर लंबी लाइनें लगी रहीं। हाईवे पर ऑल वेदर रोड निर्माण कार्य के चलते उड़ रही धूल और गर्मी के बीच बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों का बुरा हाल रहा। जाम में डीडीहाट से बीजेपी के विधायक एवं पूर्व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल भी करीब 6 घंटा फंसे रहे। उन्होंने इस मामले में अव्यवस्था और लापरवाही बरतने को लेकर रोष जताया है।

saraswati-bal-vidya-niketan


राष्ट्रीय राजमार्ग 125 पर पिथौरागढ़ से टनकपुर तक इन दिनों ऑल वेदर रोड का कार्य चल रहा है। प्रशासन ने अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने और मलबा हटाने को लेकर बीते बुधवार को भी करीब 5 घंटे पिथौरागढ़ से घाट तक वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगाई थी। इधर शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर दिल्ली बैंड के पास भारी भूस्खलन हो गया। इसके चलते पिथौरागढ़ से टनकपुर तथा हल्द्वानी-अल्मोड़ा को जाने वाले सैकड़ों वाहन और यात्री रास्ते में फंस गए। घटनास्थल के आसपास पीने के पानी का भी अभाव है। दूसरी ओर ऑल वेदर रोड निर्माण कार्य के चलते पूरे इलाके में धूल का गुबार छाया रहता है। ऐसे में सैकड़ों यात्रियों को गर्मी के बीच करीब 8 घंटे मुसीबतों का सामना करना पड़ा।


डीडीहाट से बीजेपी विधायक बिशन सिंह चुफाल ने बताया कि वह देहरादून से आ रहे थे और करीब 10 बजे दिल्ली बैंड के पास पहुंचे, तब से शाम करीब 4 बजे तक वह जाम में फंसे रहे। उन्होंने इसे नेशनल हाईवे अथारिटी और ठेकेदार की अव्यवस्था करार दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान मौके पर एन.एच. का कोई जिम्मेदार अधिकारी तथा ठेकदार नहीं था। मलबा हटाने के लिए एक तरफ से तीन जेसीबी लगाई गई थीं, लेकिन दूसरी तरफ से कोई मशीन नहीं थी। यदि दूसरी तरफ से भी मलबा हटाने को जेसीबी लगी होती तो मार्ग पर यातायात जल्दी बहाल होता। उन्होंने इस मुद्दे को प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही।

https://uttranews.com/2019/07/05/hangama-hai-kyo-barpa-satta-ki-hank-jo-hai/


पिथौरागढ़ के टकाना निवासी संदीप बिष्ट प्राइवेट टैक्सी से सुबह हल्द्वानी जाने के लिए रवाना हुए थे, उन्हें हल्द्वानी से 3.35 बजे की दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन मलबा आने और जाम में फंसने के कारण वह करीब 11 बजे वापस जिला मुख्यालय लौट आए। इसके बाद संदीप थल-शेराघाट के रास्ते हल्द्वानी के लिए रवाना हुए, लेकिन उनकी ट्रेन छूट गई। उन्होंने बताया कि उन्हें शनिवार को दिल्ली से आगे की फ्लाइट पकड़नी है, मगर उनका सारा कार्यक्रम गड़बड़ा गया है और आर्थिक नुकसान अलग है। पिथौरागढ़ के जाखनी निवासी मधु महर भी शुक्रवार को अपना उपचार कराने हल्द्वानी को रवाना हुईं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम तक ही संबंधित डॉक्टर के मिलने की संभावना थी, लेकिन अब उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इनके अलावा सैकड़ों यात्री जो हल्द्वानी और टनकपुर के रास्ते अपने गंतव्यों के लिए निकले थे, मलबा हटने के बाद शाम 4 बजे ही आगे के लिए रवाना हो सके, जबकि कई ऐसे भी थे, जो वापस अपने घरों को लौट आए। बताया जा रहा है कि जाम में जिला मुख्यालय को आ रहीं पिथौरागढ़ की मुख्य विकास अधिकारी वंदना और नैनीताल मीटिंग में जा रहे पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरू को भी घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

https://uttranews.com/2019/04/20/accident-in-bageswar-death/