एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और ANTF/STF कुमाऊं की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है।
रविवार 10 मई को पुलिस ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने स्थित “डी फैशन बुटीक” नामक टेलर की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों के कब्जे से 05 किलो 02 ग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार लोगों की पहचान प्रवीण आर्या (50) निवासी दमुवाढूंगा और बलवन्त सिंह (44) निवासी कपकोट, बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर यहाँ सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक पावन स्वरुप, एसओ विमल मिश्रा सहित एंटी नार्कोटिक्स और काठगोदाम पुलिस की टीम शामिल रही।

