केदारनाथ धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा का हुआ आगाज़

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आज विधिवत रूप से शुभारंभ हो गया है। केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही हज़ारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार, माँ गंगा और माँ यमुना के दर्शन किए। बद्रीनाथ धाम के कपाट 12 मई को खुलेंगे।

गौरतलब हो, केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 7 बजे शुभ मुहूर्त में खोल दिए गए। इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी डोली गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई और दोपहर 3 बजे केदारनाथ पहुँच गई। डोली यात्रा में हज़ारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। केदारनाथ धाम को 20 क्विंटल से ज़्यादा फूलों से सजाया गया है।

केदारनाथ धाम के बाद गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 10:29 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:25 बजे खोले गए। माँ गंगा की डोली मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई है जबकि माँ यमुना की डोली शुक्रवार सुबह खरशाली गाँव से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी।

बता दें, चारधाम यात्रा के लिए अब तक 22 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण के आँकड़ों को देखते हुए इस बार भी प्रदेश सरकार को चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।

पिछले साल चारधाम यात्रा में 56 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु आए थे। इनमें से सबसे ज़्यादा 19 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुँचे थे।