मोटरसाइकिल भिड़ंत पर विवाद ने लिया हिंसक मोड़, एक की मौत

दिल्ली के शाहदरा में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दो मोटरसाइकिल के आपस में टकराने पर एक पक्ष के लोगों ने…

दिल्ली के शाहदरा में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। दो मोटरसाइकिल के आपस में टकराने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 2 युवकों पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25


पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाहदरा के जीटीबी एन्क्लेव की है। हर्ष विहार निवासी अनुराग अपने दोस्त रिंकू के साथ रविवार (29 सितंबर) रात को मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। दोनों जैसे ही दिलशाद गार्डन पहुंचे, उनकी मोटरसाइकिल दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। इन तीनों ने अनुराग और रिंकू को रोककर उनसे बहस शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, धीरे-धीरे यह बहस झगड़े में बदल गई। गुस्से में तमतमाए आरोपियों ने अनुराग और रिंकू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान जब उन्होंने पुलिस की गश्ती वैन को अपनी तरफ आते हुए देखा, तो आरोपी मौके से भाग गए।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम दोनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां अनुराग को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि रिंकू अभी अस्पताल में भर्ती है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।