गंगा के प्रतिबंधित घाट पर नहाते समय गंगा में डूबा दिल्ली का युवक, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

ऋषिकेश के समीप शिवपुरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गंगा नदी के प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाने गया दिल्ली का एक…

delhi-youth-drowns-in-ganga-river-at-restricted-ghat

ऋषिकेश के समीप शिवपुरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गंगा नदी के प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाने गया दिल्ली का एक 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद से एसडीआरएफ (SDRF) की डीप डाइविंग टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

25


जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को दोपहर करीब 2:45 बजे टिहरी जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शिवपुरी के यूसुफ घाट पर एक युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया है। यह घाट प्रशासन द्वारा नहाने के लिए प्रतिबंधित किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही ढालवाला से एसडीआरएफ की डीप डाइविंग और आपदा राहत टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।


एसडीआरएफ की पूछताछ में पता चला कि दिल्ली के गदरपुर बॉर्डर निवासी 25 वर्षीय राहुल चौहान (पुत्र सुभाष चौहान) अपने 6 अन्य दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी दोस्त सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाने चले गए। इसी दौरान राहुल गहरे पानी में तैरने की कोशिश करने लगा और नदी के तेज बहाव व अधिक गहराई की चपेट में आ गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे और राहुल उनकी आंखों के सामने गंगा में ओझल हो गया।


हादसे के तुरंत बाद घबराए दोस्तों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम संभावित डूब क्षेत्र को चिन्हित कर नदी में गहन खोजबीन कर रही है। गोताखोरों की मदद से समाचार लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी था।

Leave a Reply