लव मैरिज के चार महीने बाद कांस्टेबल की पत्नी ने लगाई फांसी, इंस्टाग्राम वीडियो में ससुरालवालों पर लगाए संगीन आरोप

लखनऊ के बीकेटी इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। मृतका…

25
26

लखनऊ के बीकेटी इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। मृतका की पहचान सौम्या कश्यप के रूप में हुई है, जो एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी थी। उसने खुदकुशी करने से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उसने अपने ऊपर हो रहे जुल्मों की पूरी कहानी बताई है।

इस वीडियो में सौम्या की आवाज डरी-सहमी सी सुनाई देती है। वह रोते हुए बता रही है कि उसका पति और उसके घरवाले उसे खत्म करना चाहते हैं क्योंकि उसका पति किसी और लड़की से शादी करना चाहता है। सौम्या का ये भी कहना है कि उसके पति के चाचा वकील हैं और उन्होंने ही उसके पति को कहा है कि उसे मार डालो, वो बचा लेगा।

ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है। सौम्या ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके ससुराल वालों ने उसे तंग करना शुरू कर दिया था। उसका आरोप है कि उसका पति अनुराग आए दिन उसे मारता-पीटता था। उसका जेठ उसे धमकाता था और उसके ससुराल वाले लगातार उस पर दबाव बना रहे थे कि वह रास्ते से हट जाए।

पुलिस के मुताबिक, सौम्या और अनुराग की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। लेकिन शादी के बाद सब कुछ उल्टा हो गया। पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची और सौम्या के शव को कब्जे में लिया। उसके मायके वालों को मैनपुरी में सूचना दी गई है और वे लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।

इस मामले को लेकर पुलिस की तरफ से जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और कमरे की गहन जांच की गई है। अफसरों ने बताया है कि जो वीडियो सामने आया है, वह जांच का अहम हिस्सा होगा और आरोपों की सच्चाई उसी के आधार पर खंगाली जाएगी।