अल्मोड़ा:: अल्मोड़ा प्रैस क्लब में पत्रकार वार्ता करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हारने के बाद हताश कांग्रेस भाजपा पर संविधान से छेड़छाड़ करने का भ्रम फैला रही है।
उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का कांग्रेस का जबरदस्त रिकॉर्ड है। कांग्रेस ने असंवैधानिक तरीके से प्रदेश में निर्वाचित सरकारों को 58 बार बर्खास्त किया है। भाजपा सरकार को संविधान बचाने के लिए कांग्रेस के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
टम्टा ने कहा कि कांग्रेस संविधान की आड़ लेकर झूठ का प्रोपेगेंडा चल रही है। पहले प्रधानमंत्री नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह के कार्यकाल तक कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। 1954 में वक्फ संशोधन, 1975 में आपातकाल, 1985 में शाहबानो मामले में न्यायालय के फैसले के बाद गलत तरीके से संविधान संशोधन किया गया। उन्होंने कहा कांग्रेस की किसी भी संवैधानिक संस्था चाहे वह न्यायालय हो या फिर चुनाव आयोग किसी पर भी आस्था नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस जीतती है वाहन एवं ठीक और जहां हार का सामना होता है तो ईवीएम में खराबी का आरोप जड़ती है।
आज भी वह राष्ट्रपति सेना और न्यायपालिका पर करण हमले करती रहती है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी वैश्विक मंचों पर देश को अपमानित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। श्री टम्टा ने कहा संविधान की रक्षा भाजपा का संकल्प है। इस मौके पर पूर्व विधायक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिला अध्यक्ष महेश नयाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मीडिया प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, दर्शन रावत, अजय वर्मा आदि मौजूद थे।
क्वारब में तेजी से होगा क्षतिग्रस्त पहाड़ी का ट्रीटमेंट
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने एक सवाल के जवाब में बताया नेशनल हाईवे 109 में क्वारब का सुधार और कैंची धाम में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी।
क्वारब में 68 करोड़ की लागत से नदी और पहाड़ी की तरफ ट्रीटमेंट का काम चल रहा है। इस स्थान पर करीब ढाई किलोमीटर सड़क बनाकर वैली ब्रिज लगाकर वैकल्पिक मार्ग तैयार होगा, ताकि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के कारण यातायात सुचारू रहे।
भवाली से अल्मोड़ा, अल्मोड़ा से पनार और अल्मोड़ा से बागेश्वर मार्ग जल्द ही टू लेने होंगे। केंद्र सरकार एनएचएआई, बीआरओ, एनएचडीसीएल और राज्यों में पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर सड़कों के सुधार को लगातार काम कर रही है। भवाली से बाईपास सड़क तैयार करने की योजना बन चुकी है, जल्द ही निर्माण शुरु होगा। कुछ समय बाद ही कैंची धाम में लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।