उत्तरा न्यूज की खबर पर लगी मुहर: कांग्रेस की प्रत्याशी बनी अंजू लुंठी

Newsdesk Uttranews
4 Min Read

new-modern
lunthi1

अंजू प्रत्याशी घोषित, प्रीतम सिंह ने कहा-मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्दयेेश ने पार्टी प्रत्याशी की घोषणा के साथ भाजपा की नीतियों पर उठाये सवाल

पिथौरागढ़। विधानसभा उपचुनाव में पिथौरागढ़ सीट से अंजू लुंठी ही कांग्रेस की प्रत्याशी होंगी। उत्तरा न्यूज ने शनिवार को ही खबर में इसके संकेत दे दिये थे। मंगलवार को यहां एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्दयेश ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर अंजू लुंठी के नाम की घोषणा की। बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी अंजू विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन भी दाखिल करेंगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी और बीजेपी की जनविरोधी नीतियों व झूठ-फरेब की राजनीति को बेनकाब करेगी।
अंजू लुंठी को मजबूत, पढ़ी-लिखी और योग्य प्रत्याशी बताते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक हरीश धामी सहित प्रादेशिक व स्थानीय स्तर के सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ता से राय लेने के बाद ही उनका नाम फाइनल किया गया है। विण ब्लाॅक की पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रह चुकी अंजू लंुठी इस बार पंचायत चुनाव में निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य भी चुनी गई हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार व उसकी नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के झूठे वादों, महंगाई, बेरोजगारी सहित पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन साल के दौरान ठप पड़े विकास कार्यों के मुद्दे जनता के बीच ले जाए जाएंगे और कांग्रेस एकजुट होकर मजबूती के साथ यह उपचुनाव लड़ेगी।
नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्दयेश ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से अर्थव्यस्था चैपट है। इसका असर यहां पिथौरागढ़ के बाजार में भी देखा जा सकता है। यहां सड़कों की हालत खस्ताहाल है। हवाई सेवा चल रही है या नहीं चल रहा है, इसका पता नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं और अन्य मुद्दों के लिए पूर्व विधायक मयूख महर की तरह लड़ने वाला व्यक्ति होना चाहिए, जो जन समस्याओं को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए थे। कहा कि यहां की जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ही संघर्ष कर उनका समाधान कर सकती है। यह मयूख महर के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उसके बाद पिछले करीब तीन सालों के अंतर को देखने से साफ हो जाता है। और यहां की जनता इस बात को जानती है। इस मौके पर पार्टी प्रत्याशी अंजू लंुठी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, सड़कों, पार्किंग, पेयजल सुविधा, शिक्षा और नर्सिंग काॅलेज आदि मुद्दों को लेकर वह मजबूती से काम करेंगी। वार्ता के मौके पर पूर्व विधायक महर, जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, दीपक लुंठी, भुवन पांडे सहित अनेक पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।