देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि खंडूड़ी जी का जाना न केवल उत्तराखंड के लिए, बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक ऐसा शून्य छोड़ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि जनरल साहब ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, कड़े अनुशासन और अद्वितीय समर्पण का एक अनूठा उदाहरण देश के सामने प्रस्तुत किया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेना की सेवा से निवृत्त होकर जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में कदम रखा, तब भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और अपनी बेदाग व ईमानदार कार्यशैली की एक बेहद मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने प्रदेशहित को हमेशा सर्वोपरि रखा और मुख्यमंत्री रहते हुए कई ऐसे ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिन्होंने उत्तराखंड के विकास को एक नई और सही दिशा प्रदान की।
सीएम धामी ने भावुक होते हुए कहा कि खंडूड़ी जी की सादगी, उनकी स्पष्टवादिता और काम करने की गजब की कार्यकुशलता हम सभी के लिए हमेशा एक मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई नामुमकिन है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में उच्च स्थान प्रदान करें और इस गहरे संकट की घड़ी में उनके शोक संतप्त परिजनों, प्रशंसकों और समर्थकों को यह असीम व असहनीय दुख सहन करने की शक्ति शक्ति प्रदान करें।

