गृह मंत्री अमित शाह के घर पहुंचे मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली स्थित गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके घर पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि यहां वह भाजपा के कई बड़े…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली स्थित गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके घर पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि यहां वह भाजपा के कई बड़े नेताओं से मिलेंगे। योगी शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे।

दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी पहले यूपी सदन पहुंचे। यहां कुछ देर बाद आराम करने के बाद वह गृह मंत्री अमित शाह से मिलने उनके आवास पहुंचे। यहां वह गृह मंत्री के अलावा बीजेपी के कई अन्य बड़े नेताओं से भी मिलेंगे। बताया जा रहा है कि बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ बैठक के दौरान यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनेगी। इसके साथ ही यूपी संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। वहीं एके शर्मा के भविष्य को लेकर भी कुछ तय हो सकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम योगी के आगमन को लेकर गाजियाबाद की साहिबाबाद पुलिस अलर्ट पर रही। इसकी वजह ये थी कि पहले सीएम योगी दोपहर सवा दो बजे हिंडन पर उतरे और फिर यहां से उनका काफिला दिल्ली रवाना हुआ। वह आज रात यहीं गुजारेंगे। कहा तो ये भी जा रहा है कि शुक्रवार को वह प्रधानमंत्री से मुलाकात कर सकते हैं।

छह महीने बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव
दरअसल, छह महीने बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि योगी कैबिनेट में फेरबदल होगा और एमएलसी बने एके शर्मा को कैबिनेट में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, भाजपा के पदाधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं लेकिन पार्टी पदाधिकारियों की बैठकें और भाजपा प्रभारी की राज्यपाल से मुलाकात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।

राधामोहन की राज्यपाल से मुलाकात की चर्चा ने यूपी में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों को हवा दे दी थी। राधामोहन ने शनिवार रात पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक उनके बीच जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव और राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से मिले दिशा-निर्देश पर चर्चा हुई।