ऑनलाइन फार्मेसी और डीप डिस्काउंट के खिलाफ केमिस्टों का हल्लाबोल, 20 मई को देशभर में दवा की दुकानें बंद रखने का ऐलान

अल्मोड़ा। ऑनलाइन फार्मेसी की मनमानी और बड़े कॉरपोरेट घरानों की तरफ से दिए जा रहे ‘डीप डिस्काउंट’ के खिलाफ केमिस्टों ने आर-पार की लड़ाई का…

Chemists protest against online pharmacy and deep discounts, announcement of closure of drug shops across the country on May 20
Chat-GPT-Image-May-15-2026-07-48-08-PM

अल्मोड़ा। ऑनलाइन फार्मेसी की मनमानी और बड़े कॉरपोरेट घरानों की तरफ से दिए जा रहे ‘डीप डिस्काउंट’ के खिलाफ केमिस्टों ने आर-पार की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है।अल्मोड़ा में उत्तराखण्ड औषधी व्यवसायी महासंघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह और जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ एचसी गढ़कोटी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगो से अवगत कराया।

25

उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बीएस मनकोटी ने बताया कि उनके राष्ट्रीय संगठन “ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स” (AIOCD) ने सरकार की अनदेखी के खिलाफ आगामी बुधवार 20 मई 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद की घोषणा की है।

इस हड़ताल के तहत देशभर के 12.40 लाख से अधिक दवा विक्रेता और वितरक अपनी दुकानें बंद रखकर सड़क पर उतरेंगे । संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भेजकर साफ कहा है कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी दवा व्यापार की गंभीर समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे केमिस्टों में भारी गुस्सा है ।

दवा विक्रेताओं का आरोप है कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स नियमों में ढील का गलत फायदा उठा रहे हैं । बिना किसी जांच-परख के ऑनलाइन एक ही पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) पर बार-बार दवाएं बेची जा रही हैं, यहाँ तक कि एआई (AI) की मदद से फर्जी पर्चे बनाकर एंटीबायोटिक्स और नशीली दवाएं धड़ल्ले से सप्लाई हो रही हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है । इसके साथ ही बड़े कॉरपोरेट संस्थान भारी-भरकम छूट देकर बाजार का संतुलन बिगाड़ रहे हैं, जिससे ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के छोटे केमिस्टों का धंधा चौपट होने की कगार पर है और 5 करोड़ आश्रितों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है ।

संगठन ने मांग की है कि कोविड काल में लागू की गई अस्थायी अधिसूचना G.S.R. 220(E) और ई-फार्मेसी से जुड़ी अधिसूचना G.S.R. 817(E) को तुरंत वापस लिया जाए और कॉरपोरेट्स की अनुचित छूट पर रोक लगाई जाए ।

एआईओसीडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.एस. शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल के साथ-साथ प्रांतीय अध्यक्ष बी.एस. मनकोटी और महामंत्री अमित गर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि 20 मई तक सरकार ने कोई ठोस फैसला नहीं लिया, तो केमिस्ट अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।ज्ञापन देने वालों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बीएस मनकोटी,राघव पंत,गगन जोशी,गिरीश उप्रेती,आशीष वर्मा आदि लोग शामिल रहे।

उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

Leave a Reply