आज के समय में आधार कार्ड एक बेहद जरूरी दस्तावेज बन गया है जिसके बिना आपके कई महत्वपूर्ण काम रुक सकते हैं। अगर आपने पिछले 10 सालों में अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं किया है तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट की मुफ्त सुविधा को 14 जून 2026 तक बढ़ा दिया है।
ऑनलाइन अपडेट है बिल्कुल फ्री
अब आप माई आधार पोर्टल पर जाकर अपने आधार कार्ड को बिल्कुल मुफ्त में अपडेट कर सकते हैं। वहीं अगर आप किसी नजदीकी आधार सेंटर पर जाकर इसे अपडेट कराते हैं तो इसके लिए आपको 50 रुपये का शुल्क देना होगा। यह ध्यान रखना जरूरी है कि 14 जून के बाद ऑनलाइन अपडेट करने पर भी चार्ज लग सकता है इसलिए बिना देरी किए इसे जल्द से जल्द अपडेट कर लेना चाहिए।
क्यों जरूरी है आधार अपडेट करना
आधार कार्ड को अपडेट करना इसलिए जरूरी है क्योंकि 10 साल के लंबे अंतराल में आपका पता या अन्य जानकारी बदल सकती है। आधार में सही और सटीक जानकारी होने से सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता है। इसके अलावा बैंक केवाईसी कराने और नया सिम कार्ड लेने या अन्य वेरिफिकेशन के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है।
घर बैठे ऐसे करें फ्री अपडेट फ्री ऑनलाइन अपडेट करने के लिए सबसे पहले माई आधार पोर्टल पर जाएं और अपना आधार नंबर व ओटीपी डालकर लॉगिन करें। इसके बाद डॉक्यूमेंट अपडेट का विकल्प चुनें और अपनी पहचान व पते का प्रमाण अपलोड करें। ध्यान रहे कि ये दस्तावेज जेपीईजी या पीडीएफ फॉर्मेट में होने चाहिए और इनका साइज 2 एमबी से कम होना चाहिए। फॉर्म सबमिट करने के बाद अपना एसआरएन नंबर जरूर नोट कर लें ताकि आप बाद में स्टेटस चेक कर सकें।
बच्चों के लिए बाल आधार भी है जरूरी
बड़ों के साथ साथ बच्चों के लिए भी बाल आधार बनाना बहुत जरूरी है। अगर आपके घर में पांच साल से कम उम्र का बच्चा है तो उसका आधार बनवाने के लिए ज्यादा कागजात की जरूरत नहीं पड़ती है। इसके लिए केवल बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या अस्पताल की डिस्चार्ज स्लिप, माता पिता में से किसी एक का आधार कार्ड और पते का प्रमाण देकर आसानी से बाल आधार बनवाया जा सकता है।



