नई दिल्ली: उत्तराखंड की राजनीति में आज एक बड़ा उलटफेर हुआ है, जब रुद्रपुर के पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल और सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल सहित उत्तराखंड के 6 वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम लिया। आज दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस का हाथ थामने वालों में रुद्रपुर से पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल,सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल,घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल,मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ,रामगढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी शामिल है।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ली कांग्रेस की सदस्यता
इन नेताओं ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर पार्टी की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य विशेष रूप से मौजूद थे।
भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला
इस दौरान कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी सरकार को लेकर लोगों के मन में काफी गुस्सा है। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और बीते वर्षों में कई ऐसे कांड सामने आए, जिसका पर्दाफाश कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर किया।
कांग्रेस की उत्तराखण्ड प्रभारी शैलजा ने कहा कि बीते दिनों हमारे साथियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें हमें आम जनता का भी साथ मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से बैकफुट पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की छवि चमकाने की बहुत कोशिश की गई, लेकिन उनकी असली इमेज जनता के सामने आ चुकी है।
शैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के लोगों के मन में कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, तिलक राज बेहड़, पूर्व अध्यक्ष करन मेहरा, डाॅ हरक सिंह रावत समेत पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।


