डीजे और रस्मों को लेकर भिड़े बाराती और घराती, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक शादी समारोह उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया जब डीजे और शादी की रस्मों को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में चार लोगों के सिर फट गए और दूल्हे सहित 14 लोग घायल हो गए। घटना से आहत दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद बरात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई।

new-modern

बता दें,यह घटना रुद्रपुर के रविंद्रनगर इलाके में शुक्रवार रात को हुई। किच्छा से आई बारात में करीब 70 लोग शामिल थे। रात में देर होने के कारण जब डीजे बंद करने को कहा गया तो बाराती नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद शादी की एक रस्म के दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

इस घटना में वधु पक्ष के तीन लोग और दूल्हा पक्ष के 11 लोग घायल हो गए। वधु पक्ष का आरोप है कि बरातियों ने मंडप तोड़ दिया, खाने-पीने के बर्तन फेंक दिए और टेंट को भी नुकसान पहुंचाया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, लेकिन दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में बढ़ती हिंसा और असहिष्णुता की ओर ध्यान दिलाया है। ऐसे मामलों में न केवल मेहमानों की सुरक्षा को खतरा होता है, बल्कि शादी जैसे पवित्र बंधन की गरिमा को भी ठेस पहुँचती है।