shishu-mandir

बागेश्वर में निर्दलीय प्रत्याशी के सर सजा अध्यक्ष पद का ताज

उत्तरा न्यूज डेस्क
3 Min Read

सुरेश खेतवाल ने भाजपा को 367 मतों से पराजित किया

बागेश्वर सहयोगी:- बागेश्वर नगर पालिका चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश खेतवाल ने 367 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 2754 मत मिले। दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कुंदन परिहार रहे। उन्हें 2387 मत मिले। वहीं कपकोट नगर पंचायत में कांग्रेस के प्रत्याशी गोविंद सिंह 347 मतों से विजयी रहे। उन्हें 1320 मत मिले। जबकि भाजपा के प्रत्याशी गिरीश जोशी को 973 मत मिले।
बागेश्वर के निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को नगर पालिका बागेश्वर और नगर पंचायत कपकोट दोनों जगह अध्यक्ष पद पर हार का सामना करना पड़ा। बागेश्वर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे सुरेश खेतवाल ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के कुंदन परिहार को 367 मतों से पीछे छोड़ दिया। वहीं कपकोट निकाय चुनाव में भी भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। नगर पंचायत कपकोट में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के गोबिंद सिंह बिष्ट ने भाजपा के गिरीश जोशी को 357 मतों से हरा दिया। पहली बार बागेश्वर के दोनों निकायों में सत्तारूढ़ पार्टी को हार मिली है। चुनाव आचार संहिता से ही इस बार बागेश्वर में चुनाव बेहद दिलचप्स रहा। नये परिसीमन के कारण उम्मीदवारों का सारा गणित बिगड़ गया। नगर पालिका के नये परिसीमन में ग्रामीण क्षेत्र अधिक शामिल थे जिसका फायदा सुरेश खेतवाल को सीधे तौर पर मिला। कांग्रेसी नेता सुरेश खेतवाल की पत्नी ब्लाक प्रमुख थी जिसे कारण उन्होंने निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस से टिकट की मांग की। लेकिन पार्टी ने सुरेश खेतवाल को टिकट ना देकर अन्य कार्यकर्ता को टिकट दे दिया। इसके बाद ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल ने ब्लाक प्रमुख के पद से और उनके पति सुरेश खेतवाल ने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया। राष्टीय पार्टियों को हराकर जीत हासिल करने वाले सुरेश खेतवाल घोषणा होते ही बेहद भावुक हो गये। उन्होंने जीत का पूरा श्रेय समर्थकों को दिया।
इस चुनाव में बसपा के उम्मीदवार दीप चन्द्र तीसरे नंबर में रहे, उन्हें 1828 मत मिले। चौथे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी प्रमोद मेहता रहे उन्हें 1822 मत मिले। कांग्रेस पांचवे स्थान पर रही। कांग्रेस के प्रत्याशी महेश कांडपाल को 1785 मत मिले। छठे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी गंगा देवी को 216 तथा सातवें स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी गोविंद भंडारी को 64 मत मिले।
कुल 11426 मत पड़े, जिनमें से 512 निरस्त तथा 58 मत नोटा में पड़े।
वहीं कपकोट नगर पंचायत में कांग्रेस के प्रत्याशी गोविंद सिंह 347 मतों से विजयी रहे। उन्हें 1320 मत मिले। जबकि भाजपा के प्रत्याशी गिरीश जोशी को 973 मत मिले।