गढ़वाल विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन आज से शुरू, 17 मई को होगी परीक्षा

श्रीनगर गढ़वाल,17 अप्रैल 2026 हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी…

HEMVATI NANDAN BAHUGUNA GARHWAL UNIVERSITY

श्रीनगर गढ़वाल,17 अप्रैल 2026

25

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज, 17 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से 1 मई 2026 की रात 11:55 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल hnbguadm.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 12 मई से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि परीक्षा का आयोजन 17 मई 2026 को किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत ‘छूट श्रेणी’ (Exempted Category) में आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

क्या है पात्रता और आवेदन शुल्क

पीएचडी कार्यक्रमों के लिए उम्मीदवार के पास मास्टर डिग्री में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 700 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 350 रुपये है।

प्रवेश परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें 50 प्रश्न संबंधित विषय से और 50 प्रश्न रिसर्च मेथोडोलॉजी से होंगे। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जहां उनके शोध प्रस्ताव का मूल्यांकन होगा। परीक्षा के लिए श्रीनगर, टिहरी, देहरादून और दिल्ली को केंद्र बनाया गया है।

नेट और गेट क्वालीफाइड अभ्यर्थियों को परीक्षा से छूट

विश्वविद्यालय के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, गेट (GATE), सीयीड (CEED), आईसीएआर या डीएसटी इंस्पायर जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं, उन्हें प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाएगी। हालांकि, इन अभ्यर्थियों को भी निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। अंतिम चयन सीटों की उपलब्धता और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।