उत्तराखंड की अनुष्का राणा ने रचा इतिहास, 12वीं बोर्ड में 98.6% अंक लाकर बनी प्रदेश टॉपर, पूरे राज्य का सिर गर्व से ऊंचा किया

उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के नतीजों में देहरादून की छात्रा अनुष्का राणा ने अव्वल स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने 98.6…

IMG 20250419 194522

उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के नतीजों में देहरादून की छात्रा अनुष्का राणा ने अव्वल स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। अनुष्का मूल रूप से टिहरी गढ़वाल जनपद के जमुनिखाल क्षेत्र के भल्डियाना गांव से संबंध रखती हैं, जबकि वर्तमान में वह देहरादून स्थित जीईसी बड़ासी विद्यालय में अध्ययनरत हैं। उनके पिता इसी विद्यालय में भौतिक विज्ञान के शिक्षक हैं और माता गृहणी हैं।

पढ़ाई को लेकर परिवार का माहौल शुरू से ही सकारात्मक रहा है। अनुष्का के माता-पिता अपनी बेटी की इस सफलता से बेहद प्रसन्न हैं। उनका कहना है कि उन्हें पहले से विश्वास था कि अनुष्का राज्य में शीर्ष स्थान हासिल करेगी। अनुष्का का एक बड़ा भाई भी है जो वर्तमान में आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।

अनुष्का का सपना डॉक्टर बनने का है और इसी दिशा में वह निरंतर मेहनत कर रही हैं। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ उन्होंने जेईई मेन्स में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हाल ही में घोषित परिणाम में उन्होंने 99.08 परसेंटाइल हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया है। उनका यह दोहरा प्रदर्शन न केवल उनके लिए बल्कि राज्य के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बन गया है।

जीईसी बड़ासी की इस होनहार छात्रा ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे राज्य का मान भी बढ़ाया है। अनुष्का के पिता रामेंद्र राणा ने बताया कि उनकी बेटी रोजाना 8 से 10 घंटे की पढ़ाई करती थी और उसी का परिणाम है कि उसने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वर्तमान में अनुष्का अपने परिवार के साथ देहरादून के बंजारावाला क्षेत्र में निवास कर रही हैं और भविष्य में मेडिकल क्षेत्र में कार्य कर समाज की सेवा करने की इच्छा रखती हैं।