अल्मोड़ा न्यूज- विहान संस्था ने किया रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी महाराज को सम्मानित

Newsdesk Uttranews
3 Min Read

विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अल्मोड़ा की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी को महाराज को सम्मानित किया गया। त्रिभुवन गिरी महाराज को 30 जून 2023 को उत्तराखंड सरकार ने साहित्य क्षेत्र में गुमानी पंत सम्मान प्रदान किया था। उनको यह सम्मान मिलने पर लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब के मुख्य सभागार में त्रिभुवन गिरी महाराज सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।

new-modern


सम्मान समारोह में नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी, वरिष्ठ साहित्यकार के साथ ही नगर के युवा रंगकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी नरेश बिष्ट ने त्रिभुवन गिरी महाराज के लिखे लोक नाटकों पर प्रकाश डालते हुए बताया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर युवा रंगकर्मियों को लेखन के क्षेत्र में त्रिभुवन गिरी महाराज द्वारा सहयोग प्राप्त होता रहता है।। नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी और लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि त्रिभुवन गिरी महाराज ने कई लोकगीत,काव्यखंड और कई लोक नाटकों की रचना की है। महाराज ने इसके साथ ही हिंदी में भी कई रचनाएं लिखी है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर के वरिष्ठ साहित्यकार और पहरू पत्रिका के मुख्य संपादक हयात सिंह रावत ने उत्तराखंड सरकार द्वारा त्रिभुवन गिरी महाराज को पुरस्कृत
करने को एक सराहनीय कदम बताया। कहा कि साहित्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य साहित्यकारों को भी उत्तराखंड सरकार ने भविष्य में सम्मानित करना चाहिए। नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी और दिशा बाल रंग के संयोजक मनमोहन चौधरी ने बताया कि 30 वर्षों से दिशा बाल रंग कार्यशाला में बच्चों के लिए कई नाटकों एवं कई गीतों की रचना श्री त्रिभुवन गिरी महाराज ने की है। इसके साथ ही वह बच्चों को रंगमंच से जुड़े क्राफ्ट एवं सेट से जुड़ी हुई जानकारी भी बच्चों को प्रदान करते रहते है। कहा कि त्रिभुवन गिरी महाराज ने साहित्य रचना के साथ ही उत्तराखंड की कई फिल्मों के लिए भी स्क्रिप्ट लेखन का कार्य भी किया है।

नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी और उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक दीवान कनवाल ने महाराज से जुड़ी हुई कई साहित्य घटनाओं के बारे में युवा रंगकर्मियों को जानकारी दी, साथ ही बताया कि महाराज द्वारा रचित कई कुमाऊनी कविताओं को उन्होंने आवाज दी है। लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब के महासचिव विनीत बिष्ट ने त्रिभुवन गिरी महाराज के जीवन से जुड़ी हुई बातें युवा रंगकर्मियों को बताई। उन्होंने साहित्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान की प्रशंसा करते हुए उत्तराखंड सरकार का साहित्य जगत में साहित्यकारों को सम्मानित करने को सराहनीय कदम बताया।

विहान संस्था के सचिव देवेंद्र भट्ट के संचालन में आयोजित इस सम्मान समारोह में विहान संस्था की अध्यक्ष और नगर की रंगकर्मी ममता वाणी, रोहित साह, संदीप सिंह नयाल, विजय चौहान,सौरभ चम्याल,अंजलि तिवारी,रिया तिवारी,सूरज वाणी,रोहन कुमार ,पूजा बिष्ट,निशा मेहरा,प्रियंका बिष्ट,हेमंत वर्मा,विक्की चौहान आदि लोग मौजूद रहे।