अल्मोड़ा स्थित वन चेतना केन्द्र (NTD) में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। नंद किशोर को समिति का अध्यक्ष चुना गया।
इस बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अल्मोड़ा दीपक सिंह एवं प्रभागीय वनाधिकारी, सिविल सोयम वन प्रभाग प्रदीप कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा निर्वाचन प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए।
बैठक में समिति के सदस्य नन्द किशोर, विनोद चन्द्र पंत, गणेश सिंह नेगी, पूरन चन्द्र, हरीश चन्द्र तिवारी, प्रमोद कुमार पाठक, निकेश चन्द्र शाण्डिल्य, चन्द्रशेखर फुलारा, प्रताप सिंह जीना (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), भगत सिंह बिष्ट एवं घनानन्द जोशी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित समिति के सभी 11 सदस्यों द्वारा अध्यक्ष के चयन हेतु लॉटरी प्रक्रिया अपनाए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति व्यक्त की। इसके उपरांत लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई, जिसमें नन्द किशोर का चयन जिला परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष के रूप में हुआ।
उल्लेखनीय है कि जिला परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया सम्पन्न कराने वाला अल्मोड़ा प्रदेश का दूसरा जनपद बन गया है। इससे पूर्व यह प्रक्रिया केवल चमोली जनपद में सम्पन्न कराई गई थी।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री नन्द किशोर को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि समिति वन पंचायतों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनसहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

