अल्मोड़ा : आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी भुवन चन्द्र जोशी ने अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय से विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले का असर केवल अल्मोड़ा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सोमेश्वर, जागेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र से इलाज के लिए आने वाले हजारों मरीजों पर पड़ेगा।
जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय पूरे कुमाऊँ का प्रमुख रेफरल अस्पताल है, लेकिन यहां से चार विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित छह डॉक्टरों का तबादला कर सरकार ने पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर कर दिया है। बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए डॉक्टरों को हटाना जनता के साथ सीधा अन्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक ओर पहाड़ों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे करती है, जबकि दूसरी ओर अस्पतालों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से खाली किया जा रहा है।
इससे दूर-दराज़ के मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ेगा और गंभीर बीमारियों के इलाज में भी मुश्किलें बढ़ेंगी।
भुवन जोशी ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस ने आवाज तो उठाई है, लेकिन केवल बयान जारी कर देना पर्याप्त नहीं है। विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सड़क से सदन तक प्रभावी संघर्ष भी होना चाहिए, ताकि सरकार पर जनहित में निर्णय वापस लेने का दबाव बन सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जबकि विपक्ष भी अपेक्षित मजबूती से संघर्ष करता नहीं दिख रहा है। इसका नुकसान आखिरकार आम जनता को ही उठाना पड़ रहा है।
जोशी ने मांग की कि पर्वतीय जिलों से किए गए चिकित्सकों के तबादले तत्काल निरस्त किए जाएं और रिक्त पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।

