बहादराबाद/हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगा नदी में डूबे 25 वर्षीय युवक का शव आज मंगलवार 19 मई 2026 को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है। युवक का शव पथरी पावर हाउस से आगे किस्ती नहर, बहादराबाद क्षेत्र से मिला है। तीन दिनों तक चले इस बेहद जटिल सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने अथक प्रयासों से शव को नहर से बाहर निकाला और आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय सिविल पुलिस के हवाले कर दिया है।
गौरतलब है कि शनिवार 16 मई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे बहादराबाद SDRF टीम को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।
डूबे हुए युवक की पहचान विजेंद्र पोखरियाल (उम्र 25 वर्ष) पुत्र राजेंद्र पोखरियाल के रूप में हुई, जो मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के कंदलैख (घोड़ीयाना) का रहने वाला था। घटना के वक्त रात का समय होने के कारण वहां अत्यधिक अंधेरा था और नदी का बहाव भी बेहद तेज था, इसके बावजूद जवानों ने संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की, लेकिन शुरुआती घंटों में युवक का कुछ पता नहीं चल पाया।
इसके बाद एसआई (SI) आशीष त्यागी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने हिम्मत नहीं हारी और रविवार 17 मई व सोमवार 18 मई को भी संयुक्त रूप से सघन सर्चिंग अभियान जारी रखा। इस मुश्किल खोजबीन के दौरान डीप डाइविंग टीम, आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध सभी तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए नदी व नहरों के बड़े हिस्से को खंगाला गया।
लगातार तीन दिनों तक विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निरंतर प्रयास करने के बाद आखिरकार आज टीम को विजेंद्र का शव ढूंढने में सफलता मिल गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

