देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन के बाद देहरादून से लेकर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। देहरादून के मैक्स अस्पताल में 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस लेने के बाद अब उनके अंतिम संस्कार को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार कल यानी बुधवार 20 मई 2026 को धर्मनगरी हरिद्वार में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। कल सुबह 10:00 बजे उनके देहरादून स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
मैक्स अस्पताल में निधन के बाद दिवंगत पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी का पार्थिव शव अस्पताल से रवाना हो चुका है। मैक्स अस्पताल से उनके पार्थिव शरीर को सबसे पहले सैन्य अस्पताल (मिलिट्री हॉस्पिटल) ले जाया गया है, जहां उनके पार्थिव शरीर की अंतिम जांच (सैनिक प्रक्रियाओं के तहत) की जाएगी। मिलिट्री हॉस्पिटल में सभी जरूरी जांच और सैन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को देहरादून के वसंत विहार स्थित उनके निजी निवास स्थान पर ले जाया जाएगा।
आज दोपहर बाद से उनका पार्थिव शरीर वसंत विहार आवास पर आम जनता, समर्थकों और तमाम राजनीतिक दिग्गजों के अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा, जहां लोग उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद कल सुबह 10:00 बजे उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा शुरू होगी, जो देहरादून से होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी, जहां गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

