देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में दो फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है।
केंद्र सरकार की तर्ज पर लिए गए इस फैसले के बाद अब राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी प्रति माह हो गया है। बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा, जिससे कार्मिकों को जनवरी महीने से ही एरियर (अंतर राशि) का लाभ भी मिलेगा।
सरकार के इस कदम से प्रदेश के 2 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और करीब 1.5 लाख पेंशनभोगियों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण ईंधन और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के बीच इसे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत देखा जा रहा है। एरियर भुगतान की आधिकारिक तिथि और प्रक्रिया को लेकर जल्द ही विस्तृत शासनादेश जारी किया जाएगा।
महंगाई भत्ते की इस बड़ी सौगात के साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में बुनियादी ढांचे और विकास योजनाओं को रफ्तार देने के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।
इसके तहत चम्पावत जिले के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-2 के 6 आवासों व चाहरदीवारी निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये और थाना रीठा साहिब में टाइप-2 के 6 व टाइप-3 के 1 आवास के लिए 3.47 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, नैनीताल जिले के हल्द्वानी फायर स्टेशन में कुल 76 पुलिस आवासों (टाइप-2 के 64, टाइप-3 के 8 और टाइप-4 के 4) के निर्माण हेतु 36.64 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। आम जनता और व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए अल्मोड़ा जनपद के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये तथा चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र के ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग के लिए 61.57 लाख रुपये की धनराशि को वित्तीय मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड शासन के अन्य महत्वपूर्ण फैसलों, कैबिनेट निर्णयों और शासनादेशों की लाइव खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

