नासिक (महाराष्ट्र) के हीरावाड़ी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और बहादुरी की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ 15 मई की रात करीब 9:30 बजे तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान पर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने अंदर घुसते ही दुकान की महिला मालिक नयना पगारिया, एक महिला कर्मचारी और पुरुष सहकर्मी श्रीमाल पर बंदूकें तान दीं और दहशत फैलाने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की। जब स्टाफ श्रीमाल ने लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके सिर पर बंदूक की बट से वार कर लहूलुहान कर दिया।
कर्मचारी को घायल देख दुकान की महिला मालिक नयना पगारिया डरने के बजाय शेरनी की तरह बदमाशों पर टूट पड़ीं। उन्होंने काउंटर पर रखी एक प्लेट उठाकर बदमाशों पर फेंकी और उन्हें दबोचने के लिए काउंटर के ऊपर चढ़कर छलांग लगा दी।
महिला मालिक का यह रौद्र रूप और हौसला देखकर हथियारबंद लुटेरे पूरी तरह घबरा गए और जो भी थोड़ा-बहुत सामान हाथ लगा, उसे समेटकर बाइक से भाग खड़े हुए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पंचवटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात नाकाबंदी की और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दो लुटेरों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस उपायुक्त (DCP) मोनिका राउत ने बताया कि फरार चल रहे बाकी चार लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की जा चुकी हैं। वहीं, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते स्थानीय कॉर्पोरेटर गौरव गोवर्धन ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है। देश-दुनिया और अपराध जगत की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

