उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले से एक दुर्घटना की सूचना आ रही है। सूचना है कि जवाड़ी पुल के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलने के बाद SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान देखा गया कि कार (संख्या DL8CAL-5335) नदी तट के समीप बेहद दुर्गम स्थिति में फँसी थी, जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे।
SDRF ने स्थानीय पुलिस और DDRF के साथ समन्वय स्थापित कर ‘गोल्डन ऑवर’ की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्ट्रेचर के माध्यम से रोड हेड तक पहुँचाया।
इसके बाद दोनों को एम्बुलेंस से प्राथमिक उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया। दुर्गम भूभाग और प्रतिकूल परिस्थितियों में SDRF की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

