अल्मोड़ा जिले में एक बेकाबू कार घर की छत पर जा गिरी। हादसे में चालक की मौत की सूचना आ रही है।मामला रानीखेत तहसील के चौबटिया क्षेत्र के देहोली गांव के पास का बताया जा रहा है।
बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम देहोली के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक घर की छत पर जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
20 मीटर नीचे घर की छत पर गिरा वाहन
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 6 मई की तड़के वाहन संख्या UK02-TA-3159 देहोली, चौबटिया के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे लाल सिंह के मकान की छत पर जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस जांच में पता चला है कि बागेश्वर के मटेला निवासी भुवन प्रसाद (32) पेशे से टैक्सी चालक थे। वह मंगलवार को एक बरात लेकर सिवाली गांव आए थे। बुधवार तड़के वापस लौटते समय देहोली के पास एक तीव्र मोड़ पर उनकी वैगनआर कार (UK 02-TA-3159) अनियंत्रित हो गई। हादसा इतना भीषण था कि भुवन कार से छिटककर नीचे मकान की पत्थर की छत पर जा गिरे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
धमाके से सहम गया लाल सिंह का परिवार
मकान स्वामी लाल सिंह के परिजनों ने बताया कि रात के समय मौसम खराब था और अचानक एक तेज धमाका हुआ। उन्हें लगा कि शायद कोई बड़ा पहाड़ टूट गया है या प्राकृतिक आपदा आ गई है। जब परिवार के सदस्य घबराकर बाहर निकले, तो अपनी ही छत पर कार को पलटा देख उनके होश उड़ गए। इस हादसे में मकान की छत और दीवारों को भी भारी नुकसान पहुँचा है।
पुलिस की कार्यवाही
हादसे की सूचना मिलते ही चौबटिया चौकी प्रभारी राजकुमार और एसआई फिरोज खान टीम के साथ मौके पर पहुँचे। रानीखेत के कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

