विवाह समारोह से लौट रहे ग्रामीणो का वाहन खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई जबकि 3 लोग घायल हो गए। मामला सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के झूलाघाट के पास का है।
झूलाघाट मार्ग पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मूनाकोट वड्डा से करीब 12 किलोमीटर आगे बूरा गांव के समीप एक कमांडर जीप अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
विवाह समारोह से लौट रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन (क्रमांक DI UA05 5382) में कुल 04 स्थानीय व्यक्ति सवार थे,और ये सभी एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 04:35 बजे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद मुख्य आरक्षी प्रवेश नगरकोटी के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुँची।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए खाई से 03 घायलों को निकालकर अस्पताल पहुँचाया। वाहन में सवार चौथे व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। SDRF टीम ने दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए मृतक के शव को स्ट्रेचर की मदद से मुख्य मार्ग तक पहुँचाया और वैधानिक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया।
हादसे में हताहतों का विवरण
मृतक:
लक्की भंडारी (22 वर्ष), पुत्र चंचल भंडारी, निवासी- कोटभाल्डे।
घायल:
जगदीश बिष्ट (40 वर्ष), पुत्र चंचल बिष्ट, निवासी- बासौद मैनन।
मोहन बिष्ट (40 वर्ष), पुत्र रमेश सिंह, निवासी- बासौद।
सचिन चंद (22 वर्ष), पुत्र मोहन चंद, निवासी- मूनाकोट।

