अल्मोड़ा। जनपद में संचालित निजी नर्सिंग कॉलेजों में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और छात्र-छात्राओं के साथ हो रहे उत्पीड़न के मामलों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर खुलेआम अव्यवस्था, मनमानी फीस वसूली और छात्रों का मानसिक एवं आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कई निजी नर्सिंग संस्थानों में न तो निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही छात्रों को उचित सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, हॉस्टल व्यवस्था और शिक्षकों की उपलब्धता जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित हैं, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्रों से जबरन अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है और विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।
साथ ही कवरेज करने जा रहे पत्रकारों को डराया धमकाया जा रहा है यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और सीधे तौर पर शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते ऐसे संस्थान मनमानी कर रहे हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी निजी नर्सिंग कॉलेजों की तत्काल जांच कराई जाए और दोषी संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने के लिए विशेष हेल्पलाइन व निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए।
अंत में उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अनियमितता की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि दोषियों पर समय रहते कार्रवाई हो सके।



