अल्मोड़ा उत्तरा न्यूज डेस्क मानसखण्ड विज्ञान केन्द्र में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर एक जागरूकता उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपद के नौ विद्यालयों से कुल 204 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केन्द्र के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ नवीन चन्द्र जोशी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन तथा बढ़ते प्रदूषण के कारण पृथ्वी का संतुलन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के सतत संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग और प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने पर बल दिया।
कार्बन उत्सर्जन में कमी और जनभागीदारी की आवश्यकता केन्द्र के एमेरिटस वैज्ञानिक डॉ जीसीएस नेगी ने कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने परिवहन क्षेत्र में कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने रिड्यूस रीयूज और रीसायकल की अवधारणा को व्यवहार में लाने तथा स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ाने की आवश्यकता बताई। जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी नैनीताल की श्रीमती प्रेमशीला सिंह और राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार अल्मोड़ा के डॉ प्रभाकर जोशी ने भी दैनिक जीवन में छोटे बदलावों और सस्टेनेबल लाइफस्टाइल अपनाने पर जोर दिया। बीरशिवा सीनियर सेकेन्डरी स्कूल अल्मोड़ा की अर्चना पंत ने जल संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की अपील की।
प्रतियोगिताओं में प्रियल दीक्षित छवि और महक ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में ” अवर पावर अवर प्लेनेट” विषय पर पोस्टर और “पावर ऑफ यूथ इन प्रोटेक्टिंग अर्थ” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की प्रियल तिवारी,मान्श महरा और बीरशिवा सीनियर सेकेन्डरी स्कूल अल्मोड़ा की शिवान्या गोस्वामी ने क्रमशः प्रथम]द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में विवेकानंद इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के दीक्षित जोशी ने प्रथम बबीता लोहनी ने द्वितीय तथा जवाहर नवोदय विद्यालय की मानसी एवं साक्षी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की छवि पांडे ने प्रथम,होली एंजेल पब्लिक स्कूल की कामाक्षा कांडपाल ने द्वितीय एवं केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की यशिता जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल की महक कनवाल,बीरशिवा सीनियर सेकेन्डरी स्कूल अल्मोड़ा की अक्षरा बिष्ट एवं राइंका स्यालीधार की रिया बिष्ट ने क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को केन्द्र की ओर से सम्मानित किया गया और अंत में परिसर में पौधरोपण भी किया गया।




