अल्मोड़ा: नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट नई दिल्ली की ओर से मंगलवार को उत्तरायण हॉस्पिटल पपरशैली में 25 लोगों ने हृदय रोग संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
उत्तरायण फाउंडेशन के महिपाल सिंह पिलख्वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षण के दौरान 3 मरीजों को शल्य चिकित्सा (सर्जरी) संबंधी सलाह दी गई जबकि एक मरीज को टेली कंसल्टेंसी के माध्यम से चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस ओपीडी के सफल संचालन में फाउंडेशन की टीम और कई अन्य स्थानीय लोगों ने अपना पूर्ण सहयोग दिया।
विदित हो कि जाने माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ओपी यादव लंबे समय से उत्तराखंड और विशेषकर अल्मोड़ा क्षेत्र में लोगों को हृदय रोग से संबंधित सलाह और उपचार प्रदान कर रहे हैं।
डॉक्टर ओपी यादव लगातार निशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से मरीजों को परामर्श देने के साथ ही आम जनमानस के बीच हृदय रोगों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी पुनीत कार्य कर रहे हैं।



