अल्मोड़ा (उत्तरा न्यूज डेस्क):
विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, रानीधारा की मेधावी छात्रा निकिता जड़ौत ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। निकिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे अल्मोड़ा जनपद और उत्तराखंड प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
विद्या भारती संस्कृत शिक्षा संस्थान द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से हजारों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत उच्च और चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद, निकिता ने अपनी उत्कृष्ट लेखन शैली, सशक्त अभिव्यक्ति और विषय की गहन समझ के दम पर सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
शिक्षक अनिल ढौंडियाल का रहा विशेष मार्गदर्शन
इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे छात्रा निकिता की कड़ी मेहनत के साथ-साथ विद्यालय के मार्गदर्शक शिक्षक अनिल ढौंडियाल का विशेष योगदान रहा। उनके उचित मार्गदर्शन ने निकिता की लेखनी को और निखारने का काम किया।
विद्यालय परिवार ने जताई खुशी
विवेकानन्द इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल ने इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रा की लगन, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सीधा प्रमाण है। कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करती हैं।

