हवालबाग (अल्मोड़ा):ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रंस एकेडमी, हवालबाग अल्मोड़ा को ग्रीनलीफ इनिशिएटिव फाउंडेशन के सहयोग से राजपाल एंड संस पब्लिकेशन द्वारा विद्यालय पुस्तकालय के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का वितरण किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि वे पिछले 27 वर्षों से विषम परिस्थितियों में विद्यालय का सफल संचालन कर रहे हैं।
विद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से संबंध रखते हैं। बावजूद इसके, विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परिणामों और निरंतर प्रगति के कारण अब विभिन्न संस्थाएं सहयोग के लिए आगे आ रही हैं।
इसी क्रम में ग्रीनलीफ इनिशिएटिव फाउंडेशन ने विद्यालय के प्रति सहयोग का हाथ बढ़ाते हुए न केवल आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को सहायता प्रदान की है, बल्कि राजपाल एंड संस के माध्यम से पुस्तकालय के लिए महत्वपूर्ण पुस्तकों की व्यवस्था भी कराई है।
विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावकों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि इन पुस्तकों से विद्यार्थियों को अत्यधिक लाभ मिलेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। विद्यालय प्रशासन ने भी आश्वासन दिया कि छात्र-छात्राएं इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएंगे।

