हल्द्वानी शहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गल्ला मंडी परिसर के भीतर युवक और युवती के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़े मिले। दोनों को ऐसी बेहरमी से मारा गया था कि उनके चेहरों से पहचान कर पाना भी कठिन हो गया। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले इन शवों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ, कोतवाल सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठे किए और पूरे क्षेत्र को बैरिकेड लगा कर सील कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक युवती करीब बाईस साल की और युवक लगभग पच्चीस साल का दिखाई दे रहा है। युवक की जेब से मिला एक दस्तावेज उसे अल्मोड़ा क्षेत्र से जोड़ता है, जबकि युवती की पहचान में अब तक कोई विशेष मदद नहीं मिली है।
दोनों के सिर जिस तरह पत्थरों से कुचले गए, उससे स्पष्ट है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मंडी परिसर में काम करने वालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल जांच कई दिशाओं में आगे बढ़ रही है और पुलिस इस मामले को प्राथमिकता पर सुलझाने में जुटी है।
इससे ठीक एक दिन पहले देहरादून के तिब्बती बाजार में रिटायर्ड कर्नल के बेटे और गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या की वारदात सामने आई थी। अब हल्द्वानी में हुई यह दोहरी हत्या नैनीताल पुलिस के लिए नई चुनौती बन गई है।
