ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023: एमओयू की ग्राउंडिंग पर सीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 8 और 9 दिसंबर 2023 को दो दिवसीय उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था। इस दौरान करीब…

1200 675 25958221 thumbnail 16x9 dehradun

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 8 और 9 दिसंबर 2023 को दो दिवसीय उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था। इस दौरान करीब 3.57 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए थे। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में इन एमओयू की ग्राउंडिंग यानी क्रियान्वयन की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए एमओयू की वर्तमान स्थिति, जमीन पर हो रही प्रगति, आने वाले अवरोध और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान कुल 1,779 एमओयू हुए, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 57 हजार 693 करोड़ रुपये थी। इनमें से अब तक 1 लाख 6 हजार 953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री धामी ने इसे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह निवेशकों के विश्वास, बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और उद्योग-अनुकूल माहौल का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक प्रगति को और आगे बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं, जिनका लाभ राज्य हित में उठाया जाना चाहिए।

सीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एमओयू और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाले किसी भी अवरोध को तुरंत दूर किया जाए। प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएँ, जो एमओयू ग्राउंडिंग की नियमित निगरानी करेंगे। यदि किसी नीति में संशोधन या सरलीकरण की जरूरत हो तो उसका प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उद्योगपतियों के साथ लगातार संवाद बढ़ाया जाए और उन्हें राज्य में कानून-व्यवस्था, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, डिजिटलीकरण और उद्योग-अनुकूल वातावरण के सुधारों की जानकारी दी जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के कार्यान्वयन में कोई अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी निर्णय शीघ्र लिए जाएँ और स्पष्ट टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरे किए जाएँ। कुछ विभागों द्वारा उत्कृष्ट काम किए जाने की उन्होंने प्रशंसा भी की। सीएम ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में होटल निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए, विशेषकर पिथौरागढ़, कैंची धाम और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों में।

बैठक के दौरान पर्यटन विभाग ने बताया कि स्पेशल टूरिस्ट जोन के लिए एरिया-आधारित फोकस पॉलिसी तैयार की जा रही है।
उद्योगों को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि राज्य के सभी जिलों में प्रत्येक माह उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की जाए, जिसमें उद्योगों से जुड़े मुद्दों का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और गौरवशाली प्राचीन विरासत का केंद्र है। इसके मद्देनजर इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन पर आधारित यूनिवर्सिटी की स्थापना, हिंदू स्टडीज सेंटर और प्राच्य शोध केंद्र से जुड़े कार्य, स्पिरिचुअल जोन डेवलपमेंट, भराड़ीसैंण में मंदिर निर्माण और आयुर्वेद एम्स की स्थापना जैसी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply