चंपावत में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी सवारी गाड़ी, 11 यात्री घायल

email image link चंपावत जिले में शुक्रवार को एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रहा यात्री वाहन स्वाला में राजमार्ग बंद…

चंपावत जिले में शुक्रवार को एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रहा यात्री वाहन स्वाला में राजमार्ग बंद होने की वजह से वैकल्पिक मार्ग से गुजर रहा था। सिप्टी छतकोट मोटर मार्ग पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। वाहन नीचे गिरते हुए एक पेड़ में अटक गया जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इस दुर्घटना में कुल ग्यारह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को चंपावत से हेलीकॉप्टर के जरिए हल्द्वानी के हायर सेंटर भेजा गया। सभी घायल उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

एसडीएम सदर अनुराग आर्या ने बताया कि वाहन में कुल ग्यारह लोग सवार थे जिनमें ममता पुत्री राम सिंह, जानकी देवी पत्नी हीरा सिंह और कुशमा देवी पत्नी उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत हवाई मार्ग से हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। ग्रामीणों का कहना है कि वाहन अगर पेड़ में न अटका होता तो यह दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।

गौर करने वाली बात यह है कि मानसून में टनकपुर चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग स्वाला अक्सर बंद रहता है। लगातार भूस्खलन की वजह से वाहनों को मजबूरी में वैकल्पिक रास्तों से गुजारना पड़ता है और यही रास्ते कई बार हादसों की वजह बन जाते हैं।