केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर में उड़ान के वक्त आई खराबी, पायलट ने सूझबूझ दिखाकर सड़क पर उतारा हेलीकॉप्टर

रुद्रप्रयाग से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां शनिवार को दोपहर के वक्त क्रिस्टेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरते ही तकनीकी…

रुद्रप्रयाग से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां शनिवार को दोपहर के वक्त क्रिस्टेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरते ही तकनीकी परेशानी में फंस गया है। पायलट ने हालात को समय रहते समझा और सूझबूझ दिखाते हुए पास की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग कर दी है। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

हेलीकॉप्टर में कुल पांच यात्री सवार थे जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। सिर्फ पायलट को हल्की चोट लगी है जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह हेलीकॉप्टर बड़ासू स्थित बेस से केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहा था तभी अचानक उसमें दिक्कत आ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने अपनी टीम को मौके पर रवाना कर दिया है। लैंडिंग के दौरान सड़क पर खड़ी एक गाड़ी को नुकसान पहुंचा है लेकिन किसी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। हेलीकॉप्टर को सड़क से हटाने के बाद यातायात फिर से चालू कर दिया गया है।

जिला पर्यटन अधिकारी और नोडल हेली सेवा प्रभारी राहुल चौबे ने बताया कि यह घटना सिर्फ एक तकनीकी खामी की वजह से हुई है और इससे हेली सेवा के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और हालात पूरी तरह सामान्य हो चुके हैं।

यह राहत की बात है कि पायलट ने वक्त रहते सही फैसला लिया वरना यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था।