देश में एक बार फिर से कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। खास तौर से दक्षिण भारत में कई लोग कोरोना से पीड़ित हो रहे हैं।
केरल के बाद आंध्र प्रदेश में भी अब कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है जिसके बाद सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है और एडवाइजरी जारी की जा रही है।
कोविड-19 का नया वेरिएंट JN.1, जो कि ओमीक्रोन का सब-वेरिएंट है, दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है और भारत में भी इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि यह वेरिएंट भारत के लिए नई बात नहीं है लेकिन इस बार इसके सक्रिय मामलों में काफी बढ़ोतरी हो रही है।
केरल सरकार के अनुसार राज्य में मई महीने में अब तक 182 नए कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम में राज्य रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) की बैठक के बाद बताया कि कोविड मामलों में बढ़ोतरी की आशंका है, जैसा कि दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा, लोगों को सतर्क रहना चाहिए। अन्य देशों में मामले बढ़ रहे हैं, और हमें तैयार रहना होगा।
महाराष्ट्र में लगातार संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो रही है। यहां अब तक 132 मरीजों में कोरोना के लक्षण दिखाई दिए। वहीं आंध्र प्रदेश में 21 मई को एक नया मामला सामने आया। वही उड़ीसा में 22 मई को व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया।
वहीं सरकार ने अब एडवाइजरी भी जारी की है। राज्य के सभी भीड़भाड़ वाले स्थान पर मास्क पहनना अनिवार्य हो गया है।
हाथों को साफ रखना होगा। मॉल, थिएटर, बस स्टैंड जैसी जगहों से दूरी बनाना जरूरी है। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं इन चीजों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की नई कोविड एडवाइजरी:-
लक्षण होने पर मास्क पहनें जैसे जुकाम, गले में खराश, खांसी या सांस लेने में तकलीफ।
अस्पतालों में मास्क अनिवार्य
गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग सार्वजनिक स्थानों पर मास्क जरूर पहनें।
स्वास्थ्यकर्मियों के लिए ड्यूटी के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य।
